भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम राज्य विमानतल पर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेशव्यापी ‘स्वच्छ जल अभियान’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रत्येक नागरिक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगरीय निकायों और प्रशासन का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने चेतावनी दी कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
यह अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा। पहला चरण 10 जनवरी से 28 फरवरी तक और दूसरा चरण 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पाइपलाइन लीकेज और दूषित पानी की समस्या का समाधान करने के लिए रोबोटिक तकनीक और जीआईएस (GIS) मैपिंग का उपयोग किया जाएगा। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय सहित राज्य के सभी महापौर, कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।