देश के उत्तरी हिस्सों में पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने जनजीवन को ठिठुरा दिया है। शनिवार को राजस्थान और दिल्ली में इस सीजन की सबसे भीषण सर्दी दर्ज की गई। राजस्थान के फतेहपुर में तापमान -3.4°C तक गिर गया, जिससे गाड़ियों पर बर्फ की परत जम गई। वहीं, उत्तराखंड के आदि कैलाश और केदारनाथ धाम में पारा -22°C रिकॉर्ड किया गया, जिसके चलते कई जिलों में नदियाँ और झरने पूरी तरह जम चुके हैं।
दिल्ली के पालम में रविवार को तापमान 3.0°C रहा, जो पिछले 13 वर्षों में सबसे कम है। दिल्ली के सफदरजंग में भी पारा 4.2°C तक लुढ़क गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 12 जनवरी को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित कई मैदानी राज्यों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।