उज्जैन: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में ‘श्री महाकाल महोत्सव’ का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उज्जैन की तुलना महाकवि कालिदास की अवंतिका से करते हुए कहा कि आज की यह नगरी सम्राट विक्रमादित्य और राजा भोज के काल जैसी न्याय और प्रशासनिक दक्षता की प्रतीक बन गई है। उन्होंने श्री महाकाल महालोक की कलाकृतियों और भित्ति चित्रों की सराहना की, जो हमारी महान विभूतियों की कहानियों को जीवंत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर की नई आधिकारिक वेबसाइट और 600 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘भक्त निवास’ के दानदाताओं के लिए विशेष पोर्टल का लोकार्पण किया। समारोह में पार्श्व गायक शंकर महादेवन की संगीतमय प्रस्तुति ने समां बांध दिया। यह महोत्सव 18 जनवरी 2026 तक जारी रहेगा, जिसमें धर्म, आध्यात्म और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।