अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूरोप के आठ प्रमुख देशों पर 10% आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने की घोषणा कर दी है। इस फैसले के पीछे ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण के प्रस्ताव का विरोध मुख्य कारण बताया जा रहा है। जिन देशों पर यह गाज गिरी है उनमें डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड और फिनलैंड शामिल हैं।
शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी देते हुए ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि यह नया टैरिफ 1 फरवरी से प्रभावी हो जाएगा। राष्ट्रपति ने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि यदि ग्रीनलैंड के मुद्दे पर अमेरिका के साथ कोई समझौता नहीं होता है, तो 1 जून से इस शुल्क को बढ़ाकर 25% कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि ट्रम्प ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में भी इन देशों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी।