नागपुर : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज महाराष्ट्र के नागपुर में सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड में एक अत्याधुनिक मध्यम कैलिबर गोला-बारूद निर्माण सुविधा का उद्घाटन किया। यह संयंत्र पूरी तरह से स्वचालित है और भारतीय सेना व नौसेना के लिए 30 मिमी गोला-बारूद का उत्पादन करेगा।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि देश का रक्षा उत्पादन 1.51 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने पिनाका रॉकेट निर्माण संयंत्र का भी दौरा किया और आर्मेनिया के लिए निर्देशित पिनाका रॉकेटों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अब केवल हथियारों का खरीदार नहीं, बल्कि दुनिया का एक बड़ा निर्यातक बनने की ओर अग्रसर है।