श्री विजया पुरम (अंडमान): केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज अंडमान सागर के नॉर्थ बे में भारत की पहली ओपन-सी (खुले समुद्र में) समुद्री मछली पालन परियोजना का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ब्लू इकोनॉमी’ विजन को साकार करने की दिशा में इसे एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि भारत के पास विशाल समुद्री संसाधन हैं, जो दशकों तक अनछुए रहे, लेकिन 2014 के बाद सरकार ने इन्हें आर्थिक विकास का मुख्य आधार बनाया है। यह परियोजना पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय समुद्र प्रौद्योगिकी संस्थान (NIOT) और अंडमान प्रशासन के सहयोग से चलाई जा रही है। इसके तहत गहरे समुद्र में फिनफिश और समुद्री शैवाल (Seaweed) की वैज्ञानिक पद्धति से खेती की जाएगी, जिससे तटीय समुदायों की आय में वृद्धि होगी।