नई दिल्ली: भारतीय सर्राफा बाजार में आज यानी 20 जनवरी को कीमती धातुओं की कीमतों ने सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, सोना और चांदी आज लगातार दूसरे दिन अपने ‘ऑलटाइम हाई’ (सर्वकालिक उच्चतम स्तर) पर पहुंच गए हैं।
सोने की कीमतों में आज 2,429 रुपये की बड़ी बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह 1,46,375 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। कल इसकी कीमत 1,43,946 रुपये थी। वहीं चांदी ने आज इतिहास रच दिया है; सर्राफा बाजार में एक किलो चांदी की कीमत पहली बार 3 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। आज चांदी 10,888 रुपये महंगी होकर 3,04,863 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही है, जबकि बीते कल यह 2,93,975 रुपये पर बंद हुई थी। गौरतलब है कि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी कल ही इस ऐतिहासिक आंकड़े को छू चुकी थी।