भारतीय शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार, 22 जनवरी को जबरदस्त उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सुबह के सत्र में ग्लोबल मार्केट से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर बाजार ने शानदार शुरुआत की थी। सेंसेक्स 82,783 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन दोपहर होते-होते बैंकिंग और आईटी शेयरों में हुई मुनाफावसूली ने पूरी बढ़त को धो दिया। सेंसेक्स अपने दिन के ऊपरी स्तर से करीब 750 अंक नीचे फिसल गया, वहीं निफ्टी भी 25,250 के महत्वपूर्ण स्तर के नीचे कारोबार करता दिखा।
बाजार गिरने की प्रमुख वजहें:
- विदेशी निवेशकों (FIIs) की निकासी: जनवरी महीने में विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। 21 जनवरी को ही इन्होंने ₹1,787.66 करोड़ के शेयर बेचे। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़त और रुपए की कमजोरी इसका बड़ा कारण है।
- खराब तिमाही नतीजे: रिलायंस इंडस्ट्रीज और बड़े बैंकों के तीसरी तिमाही (Q3) के नतीजे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं, जिससे बैंकिंग और आईटी सेक्टर में बिकवाली बढ़ गई है।
- ग्लोबल ट्रेड वॉर का डर: डोनाल्ड ट्रम्प की सख्त टैरिफ नीतियों और ट्रेड वॉर की आशंका ने एक्सपोर्ट आधारित सेक्टर (आईटी और फार्मा) के निवेशकों को डरा दिया है।