भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का तात्या टोपे (TT) नगर स्टेडियम मंगलवार की शाम एक ऐतिहासिक खेल उत्सव का गवाह बना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर राज्य स्तरीय ‘खेलो एमपी यूथ गेम्स-2026’ का विधिवत् शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्टेडियम हजारों युवाओं के जोश और मोबाइल टॉर्च की रोशनी से जगमगा उठा।
खेल संस्कृति और ओलिंपिक का सपना खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में खेलों की समृद्ध परंपरा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब ओलिंपिक की मेजबानी की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल केवल स्पर्धा नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पारंपरिक खेलों जैसे कबड्डी, मलखंभ, पिठ्ठी और रस्साकशी को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के समान महत्व दे रही है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान उद्घाटन समारोह में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की लाइव प्रस्तुति ने समां बांध दिया। मुख्यमंत्री ने श्री खेर को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ‘मैदान से मेडल तक’ नृत्य नाटिका के जरिए खिलाड़ियों के संघर्ष को दर्शाया गया। समारोह में प्रदेश के नौ संभागों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया और खेल भावना की शपथ ली।