बारामती: महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार पंचतत्व में विलीन हो गए। गुरुवार को बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनके दोनों बेटों, पार्थ और जय पवार ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने पार्थिव शरीर पर गंगाजल अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
इस दुखद घड़ी में राजनीति के मतभेदों को किनारे रख पूरा पवार परिवार एक साथ नजर आया। अंतिम संस्कार के समय उनके चाचा शरद पवार, चचेरी बहन सुप्रिया सुले और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बारामती की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा था, जहाँ लोग अपने नेता की अंतिम झलक पाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और बसों से पहुंचे थे।