मुंबई: महाराष्ट्र के राजनीतिक इतिहास में शनिवार का दिन एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोकभवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह पूरा समारोह लगभग 12 मिनट तक चला।
उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए एक दुखद विमान हादसे में अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए सुनेत्रा पवार ने अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। शपथ ग्रहण से पूर्व सुबह हुई राकांपा विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी का नेता चुना गया था। हालांकि, इस महत्वपूर्ण अवसर पर शरद पवार समारोह में उपस्थित नहीं रहे।