रीवा/गुढ़: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को रीवा के गुढ़ में आयोजित भव्य समारोह में घोषणा की कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्जैन के महाकाल महालोक की तर्ज पर अब प्रदेश में मंदसौर, ओरछा और चित्रकूट सहित कुल 13 भव्य लोक बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास के 11 वर्ष यहीं बिताए थे, इसलिए इस पावन भूमि को भव्य रूप देने के लिए ₹3000 करोड़ खर्च किए जाएंगे। गुढ़ में ₹17.13 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण करते हुए उन्होंने बाबा भैरवनाथ मंदिर परिसर के लिए ₹2 करोड़ की अतिरिक्त राशि, पुलिस चौकी और सरोवर निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार सोमनाथ और अयोध्या के मंदिरों का वैभव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लौटा है, उसी तरह मध्य प्रदेश के देवस्थानों का भी कायाकल्प किया जा रहा है।