इंदौर/भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया है। इंदौर के डेली कॉलेज में बजट विशेषज्ञों से चर्चा के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
डॉ. यादव ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं (GYAN) पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने राजकोषीय घाटे को 4.3% पर सीमित करने और राज्यों के लिए 1.40 लाख करोड़ रुपये के अनुदान के प्रावधान का स्वागत किया, जिससे मध्य प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक पटल पर सर्वोच्च स्थान दिलाने में सहायक होगा।