चेन्नई: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी के एक रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। चेन्नई के ऐतिहासिक चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कीवी टीम ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का अपना सबसे बड़ा लक्ष्य भी सफलतापूर्वक हासिल किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 182 रनों का मजबूत स्कोर बनाया था। जवाब में न्यूजीलैंड ने महज 17.5 ओवरों में 5 विकेट खोकर 183 रन बना लिए।
इससे पहले न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा सफल रन चेज 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ था, जब उन्होंने 167 रन का लक्ष्य हासिल किया था। न्यूजीलैंड की इस जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट रहे, जिन्होंने 65 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स ने 42 और मार्क चापमन ने 28 रनों का योगदान दिया, जबकि डेरिल मिचेल 25 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की ओर से मुजिब उर रहमान ने 2 विकेट लिए, जबकि राशिद, नबी और उमरजई के खाते में 1-1 विकेट आया।