मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत दो जिलों में बड़ी सफलता हासिल की है। राजगढ़ और मंदसौर जिलों में की गई इन कार्रवाइयों में करोड़ों रुपये का कच्चा माल और तैयार ड्रग्स जब्त किया गया है।
राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम आदमपुरा के जंगलों में दबिश दी। यहाँ एक खंती में छिपाकर रखे गए 5 प्लास्टिक ड्रम बरामद हुए, जिनमें 266.9 किलोग्राम सफेद क्रिस्टलनुमा केमिकल पाउडर मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, मंदसौर के गरोठ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक चलती-फिरती एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। ग्राम सुरजना में एक खेत पर स्थित कुएं के पास दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ ड्रग्स बनाते हुए गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में उपकरण और केमिकल जब्त किए गए हैं।