मुंबई: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-सी मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखते हुए इंग्लैंड को 30 रनों से हरा दिया है। यह जीत कैरेबियाई टीम के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि 2016 के वर्ल्ड कप फाइनल (ईडन गार्डन्स) के बाद पहली बार उन्होंने इस फॉर्मेट के महाकुंभ में इंग्लैंड को शिकस्त दी है। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ग्रुप-सी की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 196 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से शेरफन रदरफोर्ड ने तूफानी पारी खेलते हुए 7 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 18.5 ओवरों में 166 रन बनाकर सिमट गई। वेस्टइंडीज के लिए गुडकेश मोती ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए।