अहमदाबाद: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा, जब टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारतीय टीम को अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत को सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 76 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। इस हार के साथ ही भारत का पिछले 12 मैचों से चला आ रहा अजेय क्रम भी समाप्त हो गया है।
मिलर और ब्रेविस का तूफान टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप और बुमराह की घातक गेंदबाजी के सामने टीम ने महज 20 रन पर अपने 3 चोटी के बल्लेबाज (डी कॉक, मार्करम और रिकेल्टन) गंवा दिए थे। लेकिन इसके बाद ‘किलर’ डेविड मिलर (63 रन) और युवा डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन) ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मात्र 50 गेंदों पर 97 रनों की तूफानी साझेदारी कर मैच का पासा पलट दिया। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स की नाबाद 44 रनों की पारी ने अफ्रीका को 187 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुँचाया।
भारतीय बल्लेबाजी का पतन 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। टीम की कमजोरी एक बार फिर ओपनिंग में दिखी, जहाँ ईशान किशन शून्य पर आउट हुए। तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव (18) और शिवम दुबे (42) ने संघर्ष की कोशिश की, लेकिन मार्को यानसन (4 विकेट) और केशव महाराज (3 विकेट) की फिरकी ने मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया। पूरी भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:
- भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
- साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।