मुंबई: वानखेड़े स्टेडियम में रनों की ऐसी बारिश हुई कि जिम्बाब्वे की टीम उसमें पूरी तरह बह गई। टी-20 वर्ल्ड कप के चौथे सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों के करारे अंतर से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का जिम्बाब्वे का फैसला उस वक्त आत्मघाती साबित हुआ जब वेस्टइंडीज ने बोर्ड पर 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
हेटमायर और पॉवेल का प्रहार: शिमरोन हेटमायर इस मैच के असली हीरो रहे। उन्होंने मात्र 34 गेंदों पर 85 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उन्होंने अपनी फिफ्टी महज 19 गेंदों में पूरी की। कप्तान रोवमैन पॉवेल ने भी उनका बखूबी साथ दिया और 35 गेंदों पर 59 रनों का योगदान दिया। जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा को 2 सफलताएं मिलीं, लेकिन वे रन रोकने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी में मोती का जादू: 255 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में केवल 147 रनों पर सिमट गई। डायोन मायर्स (28) और कप्तान सिकंदर रजा (27) ने संघर्ष की कोशिश की, लेकिन गुडकेश मोती (4 विकेट) और अकिल हुसैन (3 विकेट) की फिरकी के सामने कोई नहीं टिक सका।