भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए एक रोमांचक सुपर-8 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को संकट से निकाला। अब भारतीय टीम 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलेगी।
मैच का रोमांच: 196 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। पावरप्ले के भीतर ही अभिषेक शर्मा और ईशान किशन (दोनों 10-10 रन) पवेलियन लौट गए। जब टीम का स्कोर 41/2 था, तब सैमसन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सूर्यकुमार यादव (35 गेंदों पर 58 रन की साझेदारी) के साथ मिलकर पारी को बुना। इसके बाद तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या और अंत में शिवम दुबे के साथ छोटी मगर महत्वपूर्ण साझेदारियां कर टीम को 19.2 ओवर में जीत दिला दी। सैमसन को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।