छतरपुर: जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे के दौरान डायल-112 के जवानों ने अपनी त्वरित सूझबूझ से दो जिंदगियां बचा लीं। 05 मार्च को कुसमा पेट्रोल पंप के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई थी।
घटना की सूचना जैसे ही भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम को मिली, तत्काल स्थानीय एफआरव्ही (FRV) वाहन को मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर मौजूद आरक्षक अवधेश मीणा और पायलट अनिल ने बिना एक पल गंवाए लहूलुहान हालत में पड़े दोनों युवकों को अपने वाहन में लादा और सीधे महाराजपुर अस्पताल पहुँचाया। समय पर इलाज मिलने के कारण दोनों घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। डायल-112 की इस सक्रियता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पुलिस जनता की सच्ची मददगार है।