नई दिल्ली: मध्य-पूर्व में जारी भारी तनाव के बीच भारत के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली ने शुक्रवार को संकेत दिया है कि सामरिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण ‘होर्मुज स्ट्रेट’ (Hormuz Strait) से भारतीय जहाजों को जल्द ही सुरक्षित निकलने की अनुमति दी जा सकती है। राजदूत ने स्पष्ट किया कि भारत एक मित्र राष्ट्र है और दोनों देशों के क्षेत्रीय हित साझा हैं।
ईरानी राजदूत का यह बयान उप विदेश मंत्री मजीद तख्त-रवांची के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कुछ चुनिंदा देशों को मार्ग देने की बात कही थी। हालांकि, ईरान ने यह भी साफ कर दिया है कि जो देश ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल हैं, उन्हें इस मार्ग का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा। होर्मुज जलडमरूमध्य विश्व के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दुनिया के कुल तेल और गैस निर्यात का लगभग 20 प्रतिशत इसी संकरे समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है।