देश के 18 राज्यों में कुदरत का कहर: भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; ओडिशा और सिक्किम में तूफान ने ली तीन जानें
नई दिल्ली: भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है, जिससे कहीं राहत तो कहीं भीषण तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को पूर्वोत्तर के राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ समेत 18 राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में प्राकृतिक आपदाओं ने जान-माल का काफी नुकसान किया है। सिक्किम के रकडोंग काफर इलाके में पेड़ गिरने से एक महिला की जान चली गई, वहीं ओडिशा के मयूरभंज में आए एक विनाशकारी बवंडर ने दो लोगों की जान ले ली और 25 से अधिक लोग घायल हो गए। इस बवंडर के कारण 70 से अधिक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।