देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस चुनाव में एनडीए को सीधे तौर पर 10 सीटों का फायदा हुआ है, जबकि विपक्षी खेमे को 10 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। पहले इन सीटों में से एनडीए के पास 12 और विपक्ष के पास 25 सीटें थीं, लेकिन अब समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।
कुल 37 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। मुख्य मुकाबला हरियाणा, बिहार और ओडिशा की 11 सीटों पर था, जिनमें से 9 सीटें एनडीए के खाते में गईं और विपक्ष को मात्र 2 सीटों से संतोष करना पड़ा। बिहार में एनडीए ने सभी 5 सीटों पर क्लीन स्वीप किया, जिसमें शिवेश कुमार की जीत दूसरे वरीयता के वोटों के कारण बेहद दिलचस्प रही। वहीं ओडिशा में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय ने विपक्षी विधायकों की क्रॉस वोटिंग की मदद से जीत हासिल की। हरियाणा में चुनावी विवाद और मतपत्रों की गोपनीयता को लेकर देर रात तक ड्रामा चलता रहा, जहाँ चुनाव आयोग के हस्तक्षेप के बाद मतगणना पूरी की गई।