मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से वर्चुअली जुड़कर रीवा से रायपुर के बीच ‘अलायंस एयर’ की सप्ताह में तीन दिन चलने वाली विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मध्यप्रदेश विमानन नीति 2025’ के लागू होने से राज्य में हवाई सेवाओं का विस्तार व्यवस्थित रूप से हो रहा है। इसी नीति के तहत जबलपुर से कोलकाता और इंदौर से अबू धाबी जैसी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भी स्वीकृति मिली है।
मुख्यमंत्री ने विंध्य क्षेत्र के निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रीवा एयरपोर्ट का विस्तार पूरे अंचल की समृद्धि और संस्कृति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही हवाई अड्डों की संख्या 8 से बढ़कर 10 (उज्जैन और शिवपुरी सहित) हो जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू भी दिल्ली से वर्चुअली शामिल हुए। उन्होंने मध्य प्रदेश में पीएमश्री एयर एम्बुलेंस और हेली पर्यटन सेवा जैसे नवाचारों की सराहना की और बताया कि “वन रूट वन फेयर” के लिए अलायंस एयर के साथ देश का पहला अनुबंध किया गया है।