पश्चिम एशिया में गहराते संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर शांति बहाली के लिए सक्रिय कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं। बुधवार से गुरुवार के बीच मात्र 24 घंटों के भीतर पीएम मोदी ने फ्रांस, ओमान, कुवैत और मलेशिया के राष्ट्राध्यक्षों से फोन पर विस्तृत चर्चा की। इन वार्ताओं का मुख्य केंद्र क्षेत्र में बढ़ता तनाव और शांति के लिए ‘संवाद और कूटनीति’ की वापसी रहा।
प्रधानमंत्री ने मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बातचीत में इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान स्थिति को शांत करने के लिए कूटनीतिक रास्ते पर लौटना अनिवार्य है। ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के साथ चर्चा के दौरान पीएम ने ओमान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में सुरक्षित नेविगेशन की वकालत की। साथ ही, उन्होंने कुवैत के क्राउन प्रिंस से वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर भी चर्चा की।