केंद्र सरकार ने देश के डिजिटल इकोसिस्टम को पूरी तरह बदलने के लिए तीन क्रांतिकारी पहलों की शुरुआत की है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘क्रिएट इन इंडिया’ अभियान को नई ऊंचाई पर ले जाने के उद्देश्य से एआई कौशल प्रशिक्षण, नागरिकों के लिए कंटेंट प्लेटफॉर्म और स्मार्ट टीवी तकनीक में बड़े बदलावों का अनावरण किया।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गूगल और यूट्यूब के साथ हाथ मिलाया है, जिसके तहत 15,000 मीडिया प्रोफेशनल्स और क्रिएटर्स को राष्ट्रीय एआई कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण भारतीय सृजनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) के माध्यम से दो चरणों में पूरा होगा। पहला चरण 23 मार्च से 30 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें बेसिक एआई और प्रॉम्प्टिंग सिखाई जाएगी। दूसरा चरण जुलाई से दिसंबर 2026 तक होगा, जिसमें जेमिनी 3 और वर्टेक्स एआई जैसे एडवांस टूल्स पर फोकस रहेगा।
इसके अलावा, सरकार ने ‘मायवेव्स’ (MyWaves) फीचर लॉन्च किया है, जो नागरिकों को अपना कंटेंट अपलोड और साझा करने की आजादी देगा। साथ ही, अब डीडी फ्री डिश देखने के लिए सेट-टॉप बॉक्स की जरूरत नहीं होगी; इसके लिए बिल्ट-इन सैटेलाइट ट्यूनर वाले टीवी पेश किए गए हैं।