खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तीसरे दिन कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपना दबदबा कायम रखा। अंतर्राष्ट्रीय स्विमिंग पूल में हुए मुकाबलों में कर्नाटक ने सभी स्वर्ण पदक अपने नाम किए और 10 से अधिक स्वर्ण जीतने वाला पहला राज्य बन गया। तीसरे दिन के अंत तक कर्नाटक के खाते में 13 स्वर्ण, 5 रजत और 1 कांस्य पदक दर्ज हो चुके हैं।
कर्नाटक के स्टार तैराक मणिकांता एल इस प्रतियोगिता के सबसे चमकते सितारे बनकर उभरे हैं। उन्होंने तीसरे दिन 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर कुल 8 स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए हैं।
पदक तालिका में ओडिशा 6 स्वर्ण, 2 रजत और 9 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि असम 2 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। मेजबान छत्तीसगढ़ 3 रजत और 3 कांस्य के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर है।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी तीसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। अनुष्का भगत ने 50 मीटर बेकस्ट्रोक में रजत पदक जीता, जबकि निखिल जाल्को और न्यासा पैकरा ने कांस्य पदक हासिल किए।
महाराष्ट्र और अरुणाचल प्रदेश ने भी तीसरे दिन अपना स्वर्ण खाता खोला। तन्वी धुर्वे ने 100 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण जीता, जबकि अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन किया।