मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का भंडार पर्याप्त है, जिससे आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आएगी।
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि सभी ऑयल डिपो और पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए बताया कि अब तक 2,050 स्थानों पर जांच कर 2,912 सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 9 एफआईआर दर्ज की गई हैं। सरकार ने बढ़ती मांग को देखते हुए सप्लाई लोकेशन को अतिरिक्त समय तक खोलने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रह न करें।