प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मस्थली काशी में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय ‘सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के सुशासन की झलक आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को मिल रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के गहरे सांस्कृतिक संबंधों पर जोर देते हुए ‘केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना’ को दोनों राज्यों के बीच सहयोग का बड़ा उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ‘वैदिक घड़ी’ भेंट की। यह घड़ी प्राचीन काल गणना और आधुनिक विज्ञान का अनूठा संगम है। कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादित्य के पराक्रम और न्यायप्रियता को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए इस नाट्य मंचन को एक सशक्त माध्यम बताया गया।