जम्मू-कश्मीर में लश्कर मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत 5 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर में लश्कर मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो पाकिस्तानी आतंकियों समेत 5 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो पाकिस्तानी आतंकवादी शामिल हैं, जबकि बाकी तीन उनके स्थानीय सहयोगी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आतंकियों में एक की पहचान अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरेरा के रूप में हुई है, जो पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहा था। दूसरे पाकिस्तानी आतंकी का नाम उस्मान उर्फ खुबैब बताया गया है।

इस ऑपरेशन को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा सहित कुल 19 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो आतंकियों को लॉजिस्टिक और आर्थिक सहायता प्रदान करता था।

गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में श्रीनगर के तीन निवासी भी शामिल हैं। उनकी पहचान मोहम्मद नकीब भट, आदिल राशिद भट और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा के रूप में हुई है। इन पर आरोप है कि उन्होंने आतंकवादियों को पनाह देने, भोजन उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *