मध्यप्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 ने एक बार फिर अपनी तत्परता से एक बड़े हादसे को टाल दिया। उज्जैन जिले के थाना पंवासा क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर चौराहा के पास 5 अप्रैल को एक पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य—दंपति और उनके दो बच्चे—गंभीर रूप से घायल हो गए।
राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिलते ही पंवासा क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही (FRV) वाहन को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। डायल-112 के जवानों ने बिना एम्बुलेंस का इंतज़ार किए, सभी घायलों को अपने वाहन में बैठाया और तत्काल अस्पताल पहुँचाया। समय पर मिली चिकित्सकीय सहायता के कारण अब परिवार की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।