शेयर बाजार में जोरदार उछाल, सेंसेक्स 750 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,000 के पार
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार, 10 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में मजबूती का रुख देखने को मिला। सेंसेक्स 750 अंकों यानी 0.99% की बढ़त के साथ 77,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 240 अंकों यानी 1.01% की तेजी दर्ज की गई है और यह 24,000 के स्तर तक पहुंच गया है।
आज के कारोबार के दौरान बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में खरीदारी का रुझान दिखाई दे रहा है, जिससे बाजार को सहारा मिला है।
एशियाई बाजारों की बात करें तो वहां भी सकारात्मक माहौल बना हुआ है। साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 81 अंक (1.40%) बढ़कर 5859 पर है। जापान का निक्केई 997 अंक (1.78%) की तेजी के साथ 56,893 पर पहुंच गया है। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 132 अंक (0.51%) चढ़कर 25,884 पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजारों में भी 9 अप्रैल को तेजी दर्ज की गई थी। डाउ जोन्स 276 अंक (0.58%) बढ़कर 48,186 पर बंद हुआ। नैस्डैक 187 अंक (0.83%) की बढ़त के साथ 22,822 पर रहा और S&P 500 इंडेक्स 42 अंक (0.62%) चढ़कर 6,825 पर बंद हुआ।
हालांकि, इससे एक दिन पहले यानी 9 अप्रैल को भारतीय बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 931 अंक (1.20%) गिरकर 76,632 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 222 अंक (0.93%) की कमजोरी के साथ 23,775 के स्तर पर आ गया था। उस दिन ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का दबाव था, जबकि मेटल और फार्मा सेक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिली थी।