मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान “विज्ञान मंथन यात्रा 2025-26” के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCOST) के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
इस महत्वाकांक्षी योजना का संचालन “मिशन एक्सीलेंस अभियान” के तहत किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों के कक्षा 10वीं के मेधावी छात्रों के साथ-साथ 11वीं और 12वीं के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। अप्रैल माह में शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए कुल 375 विद्यार्थियों और 27 शिक्षकों का चयन किया गया है। चयनित दल को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और श्रीहरिकोटा स्थित विभिन्न अनुसंधान प्रयोगशालाओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। पोस्टर विमोचन के दौरान परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।