मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान शहरवासियों को विकास कार्यों की एक नई सौगात दी। सिंहस्थ महापर्व 2028 के दृष्टिगत किए जा रहे विकास कार्यों की कड़ी में, मुख्यमंत्री ने 18 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कोठी रोड संकुल से देवास रोड और विक्रम नगर तक के मार्ग चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया।
नगर निगम द्वारा निर्मित इस 2 किलोमीटर लंबे मार्ग का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता से संवाद भी किया। कार्यक्रम में वेद पाठी बटुकों द्वारा मंत्रोच्चार और कलापथक दल द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं डमरू वादन कर उत्साह बढ़ाया। इस दौरान इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। यह नया मार्ग न केवल शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ाएगा, बल्कि जिला न्यायालय और अन्य प्रमुख कार्यालयों तक पहुँच को भी सुगम बनाएगा।