खरगोन जिले के भीकनगाँव थाना क्षेत्र में डायल-112 के जवानों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। 17 अप्रैल को साईंखेड़ी में कपास से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरव्ही (FRV) तत्काल मौके पर पहुँची।
मौके पर तैनात आरक्षक राजेश सोनवानी और पायलट अजय कन्नौज ने बिना समय गँवाए घायल चालक को अपनी गाड़ी में लिटाया और सीधे शासकीय अस्पताल, भीकनगाँव पहुँचाया। जवानों की इस संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। डायल-112 की यह सजगता ‘हीरोज श्रृंखला’ के तहत मध्य प्रदेश पुलिस की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।