पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के तहत गुरुवार को मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक पश्चिम बंगाल में 78.77 प्रतिशत और तमिलनाडु में लगभग 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के अनुसार विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की भागीदारी उत्साहजनक रही है।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत वोटिंग हो रही है, जहां मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, यहां 78.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे अधिक प्रतिशत बताया जा रहा है। राज्य में पहले चरण में 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है।
इन 16 जिलों में उत्तर बंगाल के कूच बिहार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तरी दिनाजपुर, दक्षिणी दिनाजपुर और मालदा शामिल हैं। वहीं दक्षिण बंगाल के मुर्शिदाबाद, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम में भी मतदान हो रहा है। राज्य की शेष 142 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को कराया जाएगा।
तमिलनाडु में विधानसभा की सभी सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा है। यहां दोपहर 3 बजे तक करीब 70 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है, जो मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।
इसी के साथ गुजरात और महाराष्ट्र में हो रहे उपचुनावों में भी मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखी गई। गुजरात के उमरेठ में 46.66 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं महाराष्ट्र के राहुरी में 39.60 प्रतिशत और बारामती में 40.36 प्रतिशत वोटिंग हुई।
इससे पहले दोपहर 1 बजे तक गुजरात के उमरेठ में 37.14 प्रतिशत, महाराष्ट्र के बारामती में 31.91 प्रतिशत और राहुरी में 29.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। बारामती सीट से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार चुनावी मैदान में हैं, जिनकी जीत को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अंतिम परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चुनाव आयोग ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।