मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार समर्थन मूल्य पर उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राहतगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों में 20 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन के दौरान उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड उत्पादन को देखते हुए इस वर्ष खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है और भुगतान की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मंत्री श्री राजपूत ने क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देते हुए बहादुरपुर एनएच-86 से खैजरामाफी मार्ग के नवीनीकरण और पुलिया निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से करीब 15 गांवों के नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, मढ़िया बाघ परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे 51 गांवों की 15 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे लगभग 40 हजार किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए खाद्य मंत्री ने कल्याणपुरवीर में नवीन आंगनवाड़ी भवन, ग्राम बहादुर में मंगल भवन के निर्माण और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु हैंडपंप स्थापना की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की पारदर्शी नीतियों और स्लॉट बुकिंग जैसी सुविधाओं से किसानों को उपज बेचने में कोई परेशानी नहीं होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।