इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सीजन में शनिवार को पंजाब किंग्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। यह मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जो पंजाब किंग्स के लिए टूर्नामेंट में बने रहने के लिहाज से बेहद निर्णायक है। शुरुआती सात मैचों में से छह में शानदार जीत दर्ज करने वाली पंजाब की टीम पिछले लगातार छह मुकाबले गंवा चुकी है। अब प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए पंजाब को न सिर्फ लखनऊ के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि रविवार को होने वाले अन्य मैचों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। दूसरी तरफ, लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
दोनों टीमों के बीच आठवां मुकाबला, हेड-टू-हेड में पंजाब आगे आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल सात मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से पंजाब किंग्स ने चार मैचों में जीत हासिल की है, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स को तीन मैचों में सफलता मिली है, वहीं एक मैच टाई रहा। इस सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने हो रही हैं। इससे पहले खेले गए मुकाबले में पंजाब ने अपने घरेलू मैदान पर लखनऊ को शिकस्त दी थी।
लखनऊ को बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद, पंत और पूरन पर नजरें लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे सकारात्मक पहलू मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की बेहतरीन फॉर्म है, जिन्होंने पिछले मैच में मात्र 8.2 ओवरों में 109 रनों की धुआंधार साझेदारी की थी। हालांकि, निकोलस पूरन पिछले चार मैचों में केवल 87 रन ही बना सके हैं और वे इस मैच में फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। कप्तान ऋषभ पंत के बल्ले से भी इस सीजन में केवल एक अर्धशतक निकला है, ऐसे में वे इस आखिरी मैच में एक बड़ी पारी खेलकर सीजन का समापन करना चाहेंगे। मिचेल मार्श 13 मैचों में 563 रन बनाकर टीम के सर्वोच्च स्कोरर हैं, जबकि गेंदबाजी में प्रिंस यादव 13 मैचों में 16 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। इस मुकाबले में यह देखना भी दिलचस्प होगा कि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की टीम में वापसी होती है या नहीं।
बल्लेबाजी क्रम का फ्लॉप होना पंजाब की सबसे बड़ी कमजोरी पंजाब किंग्स के लिए इस समय सबसे बड़ी चिंता उनका बल्लेबाजी क्रम बना हुआ है। टूर्नामेंट की शुरुआत में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली पिछले कुछ मैचों से पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं। प्रियांश ने पिछली सात पारियों में महज एक अर्धशतक लगाया है और पिछले मैच में वे शून्य पर आउट हो गए थे। प्रभसिमरन भी अपनी पिछली पांच पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक ही बना पाए हैं।
कप्तान श्रेयस अय्यर का बल्ला भी शांत चल रहा है; टीम को मिली पिछली छह हार के दौरान वे केवल एक बार ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर सके हैं। दिल्ली के खिलाफ मैच जिताने वाला मिडिल ऑर्डर इस समय आउट ऑफ फॉर्म है, और खराब गेंदबाजी तथा ढीली फील्डिंग ने टीम की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। टीम के लिए कूपर कोनोली 13 मैचों में 473 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर हैं, जबकि गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 13 मैचों में 14 विकेट चटकाए हैं।
स्पिनरों की मददगार इकाना की पिच पर रनों के लिए संघर्ष लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच को अन्य मैदानों की तुलना में काफी अलग माना जाता है। जहां दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे मैदानों पर 200 रनों का स्कोर बेहद आम हो चुका है, वहीं इकाना में औसत स्कोर 165 से 170 रनों के बीच ही रहता है, जो बल्ले और गेंद के बीच एक संतुलित मुकाबला प्रदान करता है। यहां की पिच पर स्पिन गेंदबाजों को काफी टर्न और मदद मिलती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट्स खेलना आसान नहीं होता। इसके अलावा शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी स्विंग और मूवमेंट मिलती है। इस मैदान पर अब तक आईपीएल के 28 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 11 बार और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 15 बार जीत दर्ज की है। एक मैच टाई रहा है और एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकल सका।
मौसम का मिजाज: बारिश की कोई संभावना नहीं, भीषण गर्मी की चुनौती मैच के दौरान लखनऊ में मौसम बेहद गर्म और शुष्क रहने का अनुमान है। दिन भर तेज धूप के साथ लू चलने की आशंका है। शाम को मैच की शुरुआत के समय (7:30 बजे) तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-इलेवन (Possible Playing-XI)
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहसिन खान, mयंक यादव, आकाश सिंह, प्रिंस यादव। इम्पैक्ट प्लेयर: दिग्वेश सिंह राठी
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह। इम्पैक्ट प्लेयर: युजवेंद्र चहल