धार्मिक स्थलों पर बेहतर भीड़ प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है मध्य प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

धार्मिक स्थलों पर बेहतर भीड़ प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है मध्य प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को जम्मू में स्थानीय पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी मुख्य धार्मिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण, नागरिक सुविधाओं के विकास और आवश्यक सेवाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा पर जाने से पहले मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के प्रमुख धार्मिक केंद्रों की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्थाओं का अध्ययन किया जा रहा है, ताकि मध्य प्रदेश को देश में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक ‘मॉडल स्टेट’ के रूप में स्थापित किया जा सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल वैष्णो देवी धाम में यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने जम्मू पहुंचा है। उन्होंने राज्य के प्रमुख देवस्थानों का जिक्र करते हुए कहा कि उज्जैन का श्री महाकालेश्वर देवस्थान, श्री ओंकारेश्वर देवस्थान और भोजशाला (जिसे हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा मां वाग्देवी के मंदिर के रूप में मान्यता दी गई है) जैसे स्थलों का बेहतर प्रबंधन सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे माता वैष्णो देवी के दर्शन कर प्रदेश की जनता के कल्याण और समृद्धि की कामना करेंगे। उन्होंने वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वहां एक विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और कई सेवा संस्थान संचालित किए जा रहे हैं, जो श्रद्धालुओं को एक सुव्यवस्थित, संगठित और सुगम दर्शन का अनुभव प्रदान करते हैं। मध्य प्रदेश का दल इन सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अध्ययन करेगा ताकि प्रदेश में भी श्रद्धालुओं के लिए इसी प्रकार के उत्कृष्ट सेवा प्रकल्प तैयार किए जा सकें।

धार्मिक स्थलों पर आधुनिक विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अध्ययन दल से मिलने वाले सुझावों और अनुभवों के आधार पर मध्य प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों पर नागरिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी और अत्याधुनिक विकास कार्य करवाकर व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उज्जैन में भव्य ‘श्री महाकाल लोक’ के निर्माण के बाद अब ओंकारेश्वर धाम में करीब 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से ‘एकात्म धाम’ का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही ओरछा में ‘श्री रामराजा लोक’ का कार्य तेज गति से जारी है और उज्जैन में आगामी सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन के लिए लगभग 30 हजार करोड़ रुपये के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वैष्णो देवी धाम की व्यवस्थाओं को अद्भुत बताते हुए कहा कि यहाँ देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु चौबीसों घंटे दर्शन करते हैं और श्राइन बोर्ड के पास हर यात्री का ऑनलाइन रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल श्री जगमोहन के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षों पहले श्राइन बोर्ड की स्थापना कर सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त किया था। अंत में मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पर्यटन विभाग के अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की है और राज्य सरकार का दल यहां की व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *