मध्य प्रदेश: संजय गांधी थर्मल पॉवर स्टेशन की दूसरी यूनिट ने लगातार 150 दिनों तक बिजली उत्पादन कर बनाया नया रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश: संजय गांधी थर्मल पॉवर स्टेशन की दूसरी यूनिट ने लगातार 150 दिनों तक बिजली उत्पादन कर बनाया नया रिकॉर्ड

मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के अंतर्गत आने वाले संजय गांधी थर्मल पॉवर स्टेशन (SGTPS) बिरसिंहपुर ने राज्य में बिना किसी रुकावट के बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस पावर स्टेशन की 210 मेगावाट क्षमता वाली इकाई संख्या-2 ने बीती 14 जनवरी से निरंतर कार्य करते हुए लगातार 150 दिनों तक विद्युत उत्पादन करने का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उल्लेखनीय है कि बिरसिंहपुर का यह बिजली घर लगातार बेहतर प्रदर्शन के लिए जाना जाता है। इससे पहले भी इस केंद्र की यूनिट नंबर 3 ने लगातार 100 दिनों तक बिना रुके बिजली पैदा करने की उपलब्धि अपने नाम की थी।

इस निरंतर परिचालन के दौरान इकाई ने अपनी तकनीकी मजबूती का परिचय देते हुए 92.38 फीसदी का प्लांट एवेलेबिलिटी फैक्टर (पीएएफ) बनाए रखा। इसके साथ ही यूनिट का प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) भी 81.15 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो इसकी वास्तविक उत्पादन क्षमता के कुशल उपयोग को दर्शाता है। ऊर्जा की बचत करने के मामले में भी प्रबंधन ने बेहतरीन काम किया और स्टेशन की आंतरिक सहायक बिजली खपत (एपीसी) को केवल 8.89 प्रतिशत तक ही सीमित रखने में सफलता पाई।

इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी का हर एक कर्मचारी और अनुबंधित श्रमिक कठिन परिश्रम और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऊर्जा मंत्री ने आगे कहा कि कर्मचारियों की इसी कार्यकुशलता और निष्ठा के कारण ही राज्य की विद्युत इकाइयां राष्ट्रीय स्तर पर लगातार नए आयाम और कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *