ओमान के मस्कट शहर में 20 से 25 जुलाई 2026 तक खेली जाने वाली यूथ हॉकी 5s एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल में मध्य प्रदेश राज्य हॉकी अकादमी के चार खिलाड़ियों को स्थान मिला है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए पुरुष वर्ग में गोलरक्षक आयुष रजक एवं करण गौतम को भारतीय टीम में शामिल किया गया है, वहीं महिला वर्ग में गोलरक्षक महक परिहार और फॉरवर्ड खिलाड़ी नौशीन नाज़ भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगी।
पुरुष और महिला दोनों ही वर्गों की राष्ट्रीय टीमों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की यह मजबूत मौजूदगी राज्य की उन्नत खेल अधोसंरचना और उच्च स्तरीय कोचिंग व्यवस्था को दर्शाती है। भारतीय टीम में महक परिहार और नौशीन नाज़ की भागीदारी यह सिद्ध करती है कि प्रदेश की बेटियां वैश्विक प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
इन खिलाड़ियों की यह सफलता मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण है, जो होनहार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। राज्य के उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए यह चयन एक बड़ी प्रेरणा है, जो यह साबित करता है कि निरंतर कड़ी मेहनत और समर्पण से वैश्विक स्तर पर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
इससे पहले भी इन खिलाड़ियों ने जापान के काकामिगाहारा में संपन्न हुए U-18 एशिया कप-2026 में अपने शानदार खेल से देश-प्रदेश का नाम चमकाया था। उस प्रतियोगिता में आयुष रजक और करण गौतम स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम के सदस्य थे। वहीं महिला वर्ग में महक परिहार और नौशीन नाज़ के उत्कृष्ट योगदान से भारतीय टीम ने कांस्य पदक अर्जित किया था, जिसमें नौशीन ने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 गोल कर टॉप स्कोरर का खिताब जीता था। पिछले शानदार प्रदर्शन के बाद अब इन खिलाड़ियों से आगामी एशियन चैंपियनशिप में भी स्वर्णिम सफलता की उम्मीद की जा रही है।
खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। खेल मंत्री ने कहा कि राज्य की खेल अकादमियों से लगातार ऐसे खिलाड़ी निकल रहे हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमा रहे हैं। इन चारों खिलाड़ियों का चयन मध्य प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवशाली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी खिलाड़ी मस्कट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर देश-प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे और युवा खिलाड़ियों के लिए एक आदर्श स्थापित करेंगे।