प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, कहा- ‘प्रधानमंत्री के भरोसे पर खरा उतरने का करूंगा प्रयास’

प्रह्लाद जोशी ने संभाला शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, कहा- ‘प्रधानमंत्री के भरोसे पर खरा उतरने का करूंगा प्रयास’

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को शिक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त कार्यभार की जिम्मेदारी संभाल ली। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर गहरा विश्वास जताते हुए यह नया दायित्व सौंपा है।

रविवार को कार्यभार संभालने के तुरंत बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रह्लाद जोशी ने बताया कि वे शनिवार को कर्नाटक में थे और रात में ही दिल्ली पहुंचे। इसके बाद रविवार सुबह मंत्रालय आकर उन्होंने आधिकारिक रूप से कामकाज संभाला और समीक्षा बैठकों का सिलसिला शुरू किया।

नवनियुक्त शिक्षा मंत्री ने मंत्रालय की कार्यप्रणाली को बारीकी से समझने के लिए रविवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अधिकारियों के साथ लगातार मैराथन बैठकें कीं। उन्होंने कहा कि यह विभाग उनके लिए नया है, इसलिए पूरी व्यवस्था को अच्छी तरह समझने के बाद ही वे इस विषय पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

इससे पूर्व, प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ स्वीकार करते हैं तथा उन पर विश्वास जताने के लिए प्रधानमंत्री के आभारी हैं।

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से शनिवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत धर्मेंद्र प्रधान का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही राष्ट्रपति ने प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की घोषणा की। जोशी अपने वर्तमान खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के दायित्वों का निर्वहन भी पहले की तरह करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *