बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बोरपड़ावा के जंगलों में पुलिस ने ड्रोन की मदद से सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर 10 क्विंटल 71 किलोग्राम अवैध गांजे की फसल जब्त की है। बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशानुसार, एडिशनल एसपी धीरज बब्बर और सेंधवा के एसडीओपी अजय वाघमारे के नेतृत्व में पुलिस बल ने चार खेतों से कुल 6,185 गांजे के पौधे उखाड़कर कब्जे में लिए, जिनकी अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को बोरपड़ावा के वन क्षेत्र में अवैध रूप से मादक पदार्थों की खेती किए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध ढंग से इलाके की घेराबंदी की गई। अभियान को अत्यंत गोपनीय रखते हुए पुलिस टीम ने घने जंगलों में ड्रोन उड़ाकर संदिग्ध ठिकानों की निगरानी की। इस सघन ऑपरेशन में बड़वानी जिला बल और सेंधवा सब-डिवीजन के लगभग 75 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सर्चिंग के दौरान चार भिन्न-भिन्न खेतों में गांजे की भरपूर फसल लहलहाती पाई गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने नियमपूर्वक उखाड़कर जब्त कर लिया। इलाका वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण वन विभाग को भी तत्काल सूचना देकर मौके पर तलब किया गया। वन अमले ने भौगोलिक स्थिति के आधार पर चिन्हित खेतों की पैमाइश और मैपिंग की प्रक्रिया पूरी की है।
अवैध रूप से खेती करने वाले आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है और उनके खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
प्रदेश स्तर पर अवैध शराब, हथियार, सट्टेबाजी और मादक द्रव्यों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि नशे के गैरकानूनी कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखकर ऐसी कार्रवाइयां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।