वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 25 अगस्त को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSB) के CEO के साथ बैठक करेंगी। इसका उद्देश्य बैंकों के प्रदर्शन और कोरोना से प्रभावित इकोनॉमी को गति देने के मामले में हुई प्रगति की समीक्षा करना है।
हाल ही में सीतारमण ने कहा था कि सरकार कोरोना महामारी से प्रभावित आर्थिक वृद्धि को गति देने के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने कहा था कि विकास को महत्व दिया जाएगा और इसके लिए RBI और हम दोनों ही आपके साथ हैं।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
इस बैठक में वित्त मंत्री RBI द्वारा घोषित पुनर्गठन- 2.0 योजना की प्रगति की समीक्षा कर सकती हैं। बैठक में बैंकों को उत्पादक क्षेत्रों को कर्ज बढ़ाने पर जोर दिया जा सकता है। इसके साथ ही 4.5 लाख करोड़ रुपए की इमरजेंसी लोन सुविधा गारंटी योजना (ECLGS) की भी समीक्षा की जाएगी।
वित्त मंत्री नॉन परफॉर्मिंग एसेट (NPA) की स्थिति का भी जायजा ले सकती हैं। इसके अलावा बैंकों के विभिन्न सुधार उपायों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सरकार की लगातार कोशिशों के चलते NPA कर्ज 31 मार्च 2021 को घटकर 6.17 लाख करोड़ रुपए पर आ गया, जो 31 मार्च 2020 को 6.78 लाख करोड़ रुपए था। वहीं 31 मार्च 2019 को 7.40 लाख करोड़ रुपए पर था।