मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026: देश-विदेश के 149 प्रतिनिधियों ने लिया विशेष गतिविधियों में भाग, शिकारा बोट राइड रही सबसे लोकप्रिय

मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026: देश-विदेश के 149 प्रतिनिधियों ने लिया विशेष गतिविधियों में भाग, शिकारा बोट राइड रही सबसे लोकप्रिय

मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के अवसर पर राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक छटा, जैव विविधता और साहसिक पर्यटन के अवसरों से अवगत कराने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों हेतु विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इस आयोजन के जरिए डेलीगेट्स को स्थानीय परिवेश और प्रदेश के प्रमुख गंतव्यों को नजदीक से समझने का प्रत्यक्ष अवसर मिला।

आंकड़ों के मुताबिक, इस आयोजन में शामिल कुल 149 प्रतिनिधियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और उनके द्वारा कुल 338 विकल्पों का चयन किया गया। इनमें एमपीटी बोट क्लब पर आयोजित शिकारा बोट राइड प्रतिनिधियों की पहली पसंद बनी, जिसे सर्वाधिक 120 चयन मिले। इसके अलावा कमला पार्क में आयोजित हेरिटेज वॉक के लिए 95, वन विहार में बर्ड वॉक हेतु 70, वेलनेस के तहत योग के लिए 38 तथा भेल ग्राउंड से शुरू हुई हेलीकॉप्टर जॉय राइड के लिए 15 पंजीकरण दर्ज किए गए।

भोपाल के प्रमुख स्थलों पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने प्रतिभागियों को विविध अनुभव प्रदान किए। कमला पार्क की हेरिटेज वॉक ने प्रतिनिधियों को शहर के गौरवशाली इतिहास और परंपराओं से रूबरू कराया, जबकि एमपीटी बोट क्लब की शिकारा राइड ने जल पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित किया। वहीं, वन विहार में आयोजित बर्ड वॉक के दौरान मेहमानों ने शांत प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों के बीच समय बिताया। शारीरिक व मानसिक स्फूर्ति के लिए विभिन्न होटलों में योग सत्र रखे गए, जबकि भेल ग्राउंड से संचालित हेलीकॉप्टर राइड ने रोमांच का अनूठा अनुभव कराया।

हेरिटेज वॉक में भाग लेने वाली प्रतिनिधि क्रिस्टीना ग्रुपे ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक जड़ों और ऐतिहासिक महत्व को समझना उनके लिए काफी प्रभावशाली रहा। उन्होंने उल्लेख किया कि ऐसी पैदल यात्राएं यात्रियों को स्थानीय परंपराओं और गंतव्य के साथ भावनात्मक स्तर पर जोड़ने का सशक्त माध्यम बनती हैं। जल पर्यटन पर निशिथ नोटानी ने विचार व्यक्त किए कि शिकारा बोट के दौरान मिला शांत और प्राकृतिक माहौल यात्रा को यादगार बनाता है और इससे राज्य में वॉटर टूरिज्म की असीम संभावनाएं उजागर होती हैं।

प्रकृति पर्यटन पर चर्चा करते हुए डॉ. बितान कुमार दत्ता ने कहा कि वन विहार में बर्ड वॉक के जरिए स्थानीय जैव विविधता को प्रत्यक्ष देखना एक अनूठा अनुभव था, जिससे राज्य में पर्यावरण और वन्यजीव आधारित पर्यटन के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। वहीं, बलराज कपूर ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड को एडवेंचर टूरिज्म के लिए एक बड़ा आकर्षण बताया और कहा कि ऊंचाई से प्रदेश की खूबसूरती को निहारना पर्यटकों के लिए नया रोमांच लेकर आता है।

स्वास्थ्य और वेलनेस पर्यटन के संदर्भ में आर्थर हेकर ने कहा कि यात्रा के साथ योग सत्रों का संयोजन पर्यटकों को मानसिक शांति और शारीरिक संतुलन प्रदान करता है, जो मध्यप्रदेश की एक समग्र गंतव्य के रूप में पहचान स्थापित करता है। वहीं, सुश्री चिरा फेट्रोम ने पूरे आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही मंच पर इतिहास, रोमांच, प्रकृति और वेलनेस का ऐसा समावेश राज्य की बहुआयामी पर्यटन क्षमताओं को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *