गुलमर्ग और मनाली में ताजा बर्फबारी, पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों में उत्साह

गुलमर्ग और मनाली में ताजा बर्फबारी, पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों में उत्साह

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और हिमाचल प्रदेश के मनाली में हुई ताजा बर्फबारी ने इन प्रमुख पर्यटन स्थलों की रौनक बढ़ा दी है। बर्फ की सफेद चादर से ढकी पहाड़ियों को देखकर स्थानीय निवासियों, पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों और सैलानियों में खुशी की लहर है।

गुलमर्ग के ऊंचाई वाले इलाकों, विशेष रूप से कोंगडूरी और अफरवट में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। चारों ओर बिछी बर्फ की परत के कारण आसपास की पहाड़ियां बेहद आकर्षक नजर आ रही हैं, जिससे क्षेत्र का नजारा किसी ‘विंटर वंडरलैंड’ जैसा हो गया है।

इस ताजा बर्फबारी से गुलमर्ग में पर्यटन गतिविधियों के एक बार फिर गति पकड़ने की संभावना बढ़ गई है। स्थानीय कारोबारियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि इससे न केवल सैलानियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल मनाली की ऊंची पर्वत चोटियों पर भी ताजा बर्फबारी हुई है। बर्फ गिरने के बाद पहाड़ियां सफेद चादर से चमक उठी हैं, हालांकि इसके चलते पूरी घाटी में ठंड का असर बढ़ गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए आने वाले दिनों में ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फ का दीदार करना मुख्य आकर्षण रहेगा। इससे पहले सोमवार को कुल्लू जिले में भी मौसम का मिजाज बदला था, जहां कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के बंजार स्थित जलोड़ी पास पर इस सीजन का पहला हिमपात दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *