भारत ने सेशेल्स को सौंपी चार एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, रक्षा और समुद्री सहयोग भी बढ़ा

भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को सेशेल्स को चार ‘एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट’ एंबुलेंस भेंट कीं। सेशेल्स में भारतीय उच्चायुक्त रोहित रतीश ने वहां के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मार्विन फैनी को ये एंबुलेंस औपचारिक रूप से सौंपीं।

भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह सहयोग दोनों देशों के बीच जन-केंद्रित संबंधों और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही साझेदारी का प्रतीक है। उच्चायोग ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले जून 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान भी भारत की ओर से छह एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट और बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस प्रदान की गई थीं।

स्वास्थ्य के साथ-साथ दोनों देशों के बीच रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भी साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में, रक्षा सलाहकार कैप्टन श्रवण सरीन ने सेशेल्स रक्षा बल के प्रमुख मेजर जनरल माइकल रोसेट को महत्वपूर्ण विमानन और समुद्री उपकरण सौंपे। इनमें तीन मरम्मत किए गए डॉर्नियर मेन इलेक्ट्रॉनिक यूनिट्स, विशेष विमानन उपकरणों के 18 सेट, 50 सुरक्षा हेलमेट और समुद्री अभियानों में उपयोगी रस्सियां शामिल हैं। इससे पहले अगस्त महीने में भी प्रधानमंत्री मोदी की जून यात्रा की घोषणा के अनुरूप सेशेल्स रक्षा बल प्रमुख को पांच लेजर रेडियल नौकाएं भेंट की गई थीं।

उच्चायोग के अनुसार, इन विमानन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत व कैलिब्रेशन का कार्य भारतीय नौसेना की सुविधाओं में पूरी तरह निःशुल्क किया गया है। इस कदम से सेशेल्स वायुसेना के डॉर्नियर विमानों के रखरखाव और जांच की प्रक्रिया अधिक सुगम और तेज हो सकेगी। सेशेल्स इन विमानों का उपयोग अपने विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की निगरानी, आपातकालीन चिकित्सा निकासी (केसवैक) और खोज एवं बचाव (सार) अभियानों के संचालन के लिए करता है।

अधिकारियों का मानना है कि प्रदान किए गए सुरक्षा उपकरण और समुद्री संचालन सामग्री सेशेल्स कोस्ट गार्ड के जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता को भी बढ़ाएंगे। हाल के वर्षों में भारत और सेशेल्स ने स्वास्थ्य, रक्षा, समुद्री सुरक्षा और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में दोनों देशों की साझा साझेदारी और अधिक सुदृढ़ हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *