स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों के फीडबैक से शहरी सेवाएं सुधारने और टियर-2 व टियर-3 शहरों की क्षमता बढ़ाने पर दिया जोर

स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों के फीडबैक से शहरी सेवाएं सुधारने और टियर-2 व टियर-3 शहरों की क्षमता बढ़ाने पर दिया जोर

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को नई दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी अकेली संस्था के दम पर स्वच्छता के मानकों को पूरा नहीं किया जा सकता। इसके लिए हर घर, हर व्यक्ति, समुदाय और शहर का एकजुट होकर आगे आना बेहद जरूरी है।

राष्ट्रपति ने इस बात को रेखांकित किया कि स्वच्छता सिर्फ सार्वजनिक जगहों की बाहरी सुंदरता का विषय नहीं है। यह समाज की संवेदनशीलता, लोगों के स्वास्थ्य और प्रशासनिक जवाबदेही का परिचायक है। इसके अलावा, यह हमारे घरों के भीतर के व्यवहार और हमारी आदतों को भी सामने लाता है।

सफाई व्यवस्था को जनआंदोलन बनाने के लिए राष्ट्रपति मुर्मु ने युवाओं, महिलाओं, सामुदायिक संगठनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने अनुभवों के साथ-साथ व्यवस्था की खामियों को भी सामने लाएं, ताकि समय रहते उनका समाधान कर शहरों को स्वच्छ और स्वस्थ रखा जा सके। उनके मुताबिक, इस पहल से शहरी प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद बढ़ेगा, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी भरोसा कायम होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि अपने इलाके की स्वच्छता को परखने में नागरिक ही सबसे सटीक भूमिका निभा सकते हैं। अतः लोगों की प्रतिक्रिया (फीडबैक) को महज रैंकिंग या सर्वेक्षण का हिस्सा मानकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए, बल्कि इसके जरिए स्थानीय चुनौतियों को हल करने और नगर निगम की सेवाओं को बेहतर बनाने का काम किया जाना चाहिए।

तकनीकी विकास की आवश्यकता पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में सुरक्षित, सस्ती और कारगर तकनीकों का निर्माण समय की मांग है। उन्होंने संतोष जताया कि विभिन्न वैज्ञानिक शोध संगठन और कई आईआईटी इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं।

अपने संबोधन के अंत में राष्ट्रपति ने तेजी से विस्तार कर रहे टियर-2 और टियर-3 शहरों की क्षमता निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन शहरों की परिस्थितियां और चुनौतियां भिन्न हैं, लिहाजा इनके विकास के लिए ऐसा राष्ट्रीय ढांचा तैयार होना चाहिए जो इनकी स्थानीय जरूरतों को पूरा कर सके। उन्होंने यह भी कहा कि टियर-2 शहरों के योजनाकारों को टियर-1 शहरों की मौजूदा समस्याओं का अध्ययन करना चाहिए और वहां के नियोजकों के अनुभवों से सीख लेकर अपनी योजनाएं बनानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *