आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम को लेकर सेबी की चेतावनी, अनौपचारिक सौदों से बचने की सलाह

आईपीओ के ग्रे मार्केट प्रीमियम को लेकर सेबी की चेतावनी, अनौपचारिक सौदों से बचने की सलाह

पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में पैसा लगाने वाले निवेशकों को ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) के प्रति सतर्क किया है। नियामक ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि जीएमपी एक पूरी तरह अनौपचारिक, अप्रमाणित और अनियमित व्यवस्था है, जिसे किसी कंपनी के शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत या मुनाफे का भरोसेमंद आधार नहीं मानना चाहिए। सेबी ने निवेशकों से इस तरह के किसी भी अनौपचारिक लेन-देन से दूरी बनाए रखने को कहा है।

सेबी के अनुसार, यह बात सामने आई है कि कई वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया चैनल और कुछ बाजार सहभागी आगामी आईपीओ से जुड़े जीएमपी आंकड़ों को बड़े पैमाने पर प्रसारित कर रहे हैं। इन आंकड़ों को इस तरह प्रस्तुत किया जाता है मानो वे लिस्टिंग पर मिलने वाले संभावित रिटर्न का सटीक अनुमान हों। नियामक का मानना है कि ऐसी गतिविधियां निवेशकों को भ्रमित कर सकती हैं और यह पूंजी बाजार में पारदर्शिता व जवाबदेही के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है।

नियामक ने यह भी रेखांकित किया कि ग्रे मार्केट में होने वाले सौदे मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों के दायरे से बाहर संचालित होते हैं। इन पर न तो किसी नियामक की निगरानी होती है और न ही सौदों के निपटान (सेटलमेंट) की कोई गारंटी मिलती है। इसके अलावा, इन लेन-देन में मूल्य निर्धारण की किसी औपचारिक प्रक्रिया का पालन नहीं होता और निवेशकों को कोई सुरक्षा तंत्र भी उपलब्ध नहीं रहता। यही वजह है कि जीएमपी के भरोसे निवेश का निर्णय लेना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।

निवेशकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेबी ने सभी पंजीकृत इंटरमीडियरीज और बाजार सहभागियों को सख्त निर्देश दिया है। उन्हें अपनी वेबसाइट, ईमेल, एसएमएस, सोशल मीडिया या किसी अन्य संचार माध्यम से जीएमपी प्रकाशित करने, प्रदर्शित करने या फैलाने से मना किया गया है। सेबी ने दोहराया कि बाजार में सटीक, भरोसेमंद और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराना सभी पंजीकृत संस्थाओं का दायित्व है।

निवेशकों के मार्गदर्शन के लिए सेबी ने तीन महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। पहला, जीएमपी को शेयर के संभावित लिस्टिंग भाव या अपेक्षित लाभ का पैमाना न समझें। दूसरा, नियामकीय ढांचे से बाहर होने वाले जीएमपी के किसी भी अनौपचारिक सौदे में भाग न लें। तीसरा, आईपीओ से जुड़ा निवेश और अन्य सभी लेन-देन केवल सेबी-पंजीकृत इंटरमीडियरी और अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही पूरे करें। नियामक ने चेताया है कि जीएमपी सौदों में किसी तरह का विवाद होने पर न तो स्टॉक एक्सचेंजों की शिकायत निवारण प्रणाली काम आएगी और न ही एक्सचेंज या डिपॉजिटरी की ऑनलाइन विवाद निपटान (ओडीआर) सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

इसके साथ ही सेबी ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय साइबर ठगों से भी सावधान रहने को कहा है। ये जालसाज खुद को सेबी-पंजीकृत संस्था बताकर ‘इंस्टीट्यूशनल ट्रेड’, ‘गारंटीड रिटर्न’ या विदेशी बाजारों में हुए घाटे की भरपाई जैसे लुभावने और झूठे वादे करते हैं, और फिर फर्जी ऐप या अनधिकृत प्लेटफॉर्म के जरिए अपंजीकृत खातों में रकम मंगवा लेते हैं। सेबी ने निवेशकों से अपील की है कि वे किसी भी निवेश से पहले संबंधित संस्था के पंजीकरण की स्थिति जरूर जांचें, गारंटीड रिटर्न के दावों से बचें, बैंक खाते व यूपीआई विवरण की पुष्टि करें और अनजान लोगों द्वारा बनाए गए निवेश ग्रुप्स से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *