यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी, 14 से 21 दिसंबर के बीच होंगे एग्जाम

यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी, 14 से 21 दिसंबर के बीच होंगे एग्जाम

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप यानी परीक्षा शहर सूचना पर्ची जारी कर दी है। एजेंसी की ओर से यह परीक्षा 14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026 को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी सिटी सेंटर स्लिप डाउनलोड कर आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर सूचना पर्ची को प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) न समझा जाए। यह पर्ची केवल अभ्यर्थियों को उस शहर की अग्रिम जानकारी देने के लिए है, जहां उनका परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए मुख्य एडमिट कार्ड बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी किए जाएंगे। यदि किसी उम्मीदवार को सिटी स्लिप डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है, तो वह एनटीए के हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकता है या ईमेल भेज सकता है।

इससे पहले एनटीए ने 19 नवंबर को एक सार्वजनिक सूचना जारी कर विषयवार परीक्षा कार्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया था। जारी कार्यक्रम के मुताबिक परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। पहले दिन यानी 14 दिसंबर को पहली पाली में इतिहास, पाली, प्राकृत, तुलनात्मक साहित्य और लोक प्रशासन विषयों की परीक्षा निर्धारित है।

आंकड़ों के अनुसार, इस बार यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 के लिए कुल 9,75,505 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क जमा किया है। इससे पूर्व एजेंसी ने उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का मौका भी दिया था, जिसके लिए करेक्शन विंडो 2 नवंबर से 4 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 50 मिनट तक खोली गई थी। एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े नवीनतम अपडेट और दिशा-निर्देशों के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *